बलरामपुर में पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई, 6 करोड़ की गांजा तस्करी का खुलासा

बलरामपुर.. जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जिसमे वाड्रफनगर थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक ट्रक से करीब 40 क्विंटल अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 5 करोड़ 99 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई को जिले की अब तक की सबसे बड़ी मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार उन्हें मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर एक ट्रक के माध्यम से गांजा की बड़ी खेप भेजी जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वाड्रफनगर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया और संभावित मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू की।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध ट्रक क्रमांक RJ 32 GE 0960 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए गांजा का वजन लगभग 40 क्विंटल पाया गया, जिसे विधिवत कार्रवाई करते हुए सील कर जब्त कर लिया गया।
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से गांजा तस्करी के इस अवैध कारोबार से जुड़े हुए थे और विभिन्न राज्यों के माध्यम से मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस ने गांजा के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह पूरा मामला छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से संबंधित है। प्रारंभिक जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं और पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने इस सफलता को मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि जांच पूरी होने पर इस अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं।
Live Cricket Info





