ठेकेदार के दफ्तर में ग्राम सभा! जल जीवन मिशन पर पुटसुरा में फर्जीवाड़े के आरोप
क्या फर्जी ग्राम सभा के जरिए भुगतान लेने की कोशिश हुई?

बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत पुटसुरा में जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्यों को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर ग्राम सभा के आयोजन का जिक्र हो रहा है, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि यह बैठक गांव में नहीं बल्कि जल जीवन मिशन के ठेकेदार रविकुमार रंजन राजा के कार्यालय (स्टोर) ग्राम अधौरा में आयोजित की गई।
टंकी निर्माण पर उठ रहा गंभीर गंभीर सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि बनी हुई पानी टंकी से सीपेज हो रहा है। निर्माण के दौरान न तो सही तरीके से क्यूरिंग की गई और न ही मानकों का पालन हुआ। इससे पूरे गांव में नाराजगी है। ग्राम सभा में इस मुद्दे को लेकर विरोध हुआ और मांग की गई कि ऐसे ठेकेदार को भुगतान नहीं किया जाना चाहिए।
वीडियो में क्या दिखा?
वीडियो में सरपंच पति ग्रामीणों को शपथ दिलाते नजर आ रहे हैं और यह कहा जा रहा है कि जल जीवन मिशन का कार्य सही तरीके से हुआ है तथा सभी गली-मोहल्लों, आंगनवाड़ी, स्कूल और सरकारी भवनों में पानी पहुंच रहा है। जवाब में वहां मौजूद लोग “हां” कहते सुनाई दे रहे हैं।
सरपंच पति का बड़ा बयान
जब इस मामले में सरपंच पति से बात की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि ग्राम सभा गांव में नहीं बल्कि ठेकेदार के कार्यालय में आयोजित की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें ठेकेदार द्वारा बोलने के लिए कहा गया था। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि बैठक में बैठे लोग ग्रामीण नहीं थे, बल्कि कार्यालय में काम करने वाले लोग अगल बगल के लोग थे या अन्य गांवों से बुलाए गए लोग थे।
बड़ा सवाल – क्या होगी कार्रवाई?
यदि आरोप सही हैं तो यह ग्राम सभा की प्रक्रिया और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। क्या इस तरह फर्जी तरीके से ग्राम सभा आयोजित कर भुगतान लेने की कोशिश की गई? क्या जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी या मामला भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगा?
क्या फर्जी ग्राम सभा के जरिए भुगतान लेने की कोशिश हुई? अगर हां, तो जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी कागजों में ‘सब ठीक’ दिखाकर बंद कर दिया जाएगा?
अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे प्रकरण की जांच कर क्या कदम उठाता है।
Live Cricket Info





