
- बलरामपुर@कुसमी। थाना कुसमी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पुत्र ने आपसी विवाद में अपने ही पिता की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला अपराध क्रमांक 35/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। 7 अप्रैल 2026 को ग्राम रतासिल्ली निवासी लल्लू खलखो की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी।
जांच के दौरान सामने आया कि घटना 6 अप्रैल की शाम लगभग 5:30 बजे की है। आरोपी पुत्र प्रदीप खलखो ने खेत में लगी टमाटर की फसल को लेकर पिता से विवाद किया। बताया जा रहा है कि फसल की देखरेख में लापरवाही और शराब सेवन को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने अपने पिता को धक्का दे दिया।
धक्का लगने से पिता जमीन पर गिर पड़े और उन्हें हाथ, पैर एवं सीने में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी ने उन्हें घर के अंदर लाकर सुला दिया, जहां कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। 8 अप्रैल को एफएसएल टीम की मौजूदगी में पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण हत्या (हॉमिसाइडल) बताया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्षणिक गुस्सा कैसे रिश्तों को हमेशा के लिए खत्म कर सकता है।
Live Cricket Info






