पुलिस द्वारा जारी सोशल मीडिया संदेश और गांव-गांव फ्लैग मार्च से शांति का संदेश
होली पर हुड़दंगियों को चेतावनी, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च तेज

विजय सिंह ब्युरो @बलरामपुर-रामानुजगंज। होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए जिला पुलिस बलरामपुर.रामानुजगंज ने व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस विभाग द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आम नागरिकों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, वहीं गांव-गांव फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है।
सोशल मीडिया के जरिए अपील
पुलिस द्वारा जारी संदेश में होली के दौरान नशा कर वाहन न चलाने, तीन सवारी से बचने, बिना हेलमेट वाहन न चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध और जबरन रंग न लगाने जैसी महत्वपूर्ण बातों पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग, हुड़दंग, तेज आवाज में डीजे बजाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने से बचने की अपील की गई है।
गांव-गांव फ्लैग मार्च
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को यह संदेश दिया जा रहा है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों के उल्लंघन और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा हमारी प्राथमिकता
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि होलिका दहन सुरक्षित स्थान पर करें, बिजली के तारों और खंभों से दूरी बनाए रखें तथा एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व मनाएं।
पुलिस का कहना है कि “आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता” है और त्योहार की खुशियों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
जिला पुलिस की इस पहल को आम नागरिकों ने सराहा है और शांति व सौहार्द के साथ होली मनाने का संकल्प दोहराया है।
Live Cricket Info





