
एनीकट में मछली पकड़ते समय युवक बहा, अब तक नहीं लगा सुराग
फिर खड़े हुए सुरक्षा पर सवाल
बलरामपुर/रामानुजगंज। पंकज गुप्ता
रामानुजगंज :– रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक 14 निवासी काशी भुइंया (25 वर्ष) बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे मछली पकड़ते समय एनीकट में बह गया। देर रात तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, काशी भुइंया पिता बैजनाथ भुइंया मच्छरदानी से मछली पकड़ने का जुगाड़ बनाकर एनीकट के पहले गेट के पास मछली मार रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह कुछ ही क्षणों में आंखों से ओझल हो गया। ग्रामीणों ने उसे करीब 100 मीटर तक बहते देखा था।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। देर रात तक तलाशी अभियान जारी रहा, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
इस हादसे ने एक बार फिर एनीकट की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एनीकट के आसपास सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं हैं, जिसके चलते यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। बताया गया कि एनीकट निर्माण पर लगभग 9 करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन अब तक कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। अधूरे फर्श और क्षतिग्रस्त सरिया लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी कई लोगों की जान इसी एनीकट में जा चुकी है। उनका कहना है कि प्रशासन अगर जल्द ही सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधारेगा, तो ऐसे हादसे रुकने वाले नहीं हैं।
Live Cricket Info