धनेशपुर,छुराकोना सड़क की गिट्टी उखड़ने का मामला समाचार प्रकाशन के बाद हरकत में आया विभाग
कार्यपालन अभियंता के निर्देश पर ठेकेदार ने पूरा किया सुधार कार्य,अब निर्माणाधीन सड़क पर रखी जा रही सतत निगरानी

बलरामपुर,धनेशपुर छुराकोना सड़क पर झाड़ू लगाने से गिट्टी उखड़ने की खबर सामने आने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। खबर के प्रसारित होते ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता जी.एस. सिदार के निर्देश पर सड़क की गुणवत्ता की संयुक्त जांच कराई गई।अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता एवं संबंधित ठेकेदार की मौजूदगी में 3 किलोमीटर लंबी सड़क की जांच की गई। जांच में जीएसबी, डब्ल्यूबीएम एवं एमएसएस की गुणवत्ता मानक अनुरूप पाई गई।
जांच में यह भी सामने आया कि पीएम जनमन फेज-2 अंतर्गत धनेशपुर से बैगीनपाठ सड़क निर्माण कार्य के दौरान अन्य ठेकेदार द्वारा क्षमता से अधिक भारवाहन इसी सड़क से गुजर रहे थे, जिससे कुछ स्थानों पर डामरीकरण की ऊपरी सतह से दाने निकलने की स्थिति बनी।मामले पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कार्यपालन अभियंता ने संबंधित ठेकेदार को सुधार कार्य के निर्देश दिए। निर्देश के बाद प्रभावित स्थलों पर मरम्मत कार्य कर लिया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी निर्माणाधीन सड़क पर सतत निगरानी रखी जाएगी, ताकि सड़क की गुणवत्ता पूरी तरह मानक अनुरूप बनी रहे।खबर का असर पर सवाल उठे, जांच हुई और सड़क की मरम्मत तत्काल पूरी की गई।
Live Cricket Info





