धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत, जांच की मांग..

बलरामपुर@ जिले के चांदो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करचा में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप को लेकर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज को शिकायत सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ग्राम करचा निवासी एक व्यक्ति द्वारा ईसाई धर्म अपनाने के बाद अपनी पुत्री के विवाह समारोह में बड़ी संख्या में लोगों को आमंत्रित किया गया था। आवेदन में कहा गया है कि विवाह कार्यक्रम के दौरान ईसाई धर्म से संबंधित प्रचार-प्रसार किया गया तथा स्थानीय चेर्वा जनजाति की परंपराओं और रीति-रिवाजों के विपरीत गतिविधियां संचालित की गईं।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विवाह समारोह में आसपास के गांवों से लोगों को बुलाया गया था और कार्यक्रम के माध्यम से धर्म परिवर्तन को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ताओं ने इसे जनजातीय समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
आवेदन में पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कदम उठाने की मांग की गई है।फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।
Live Cricket Info




