
बलरामपुर।नीट (NEET) परीक्षा में कथित पेपर लीक, परीक्षा प्रक्रियाओं में अनियमितताओं तथा विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं में हो रही देरी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर-रामानुजगंज ने राजीव भवन बलरामपुर में प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश का युवा वर्ग आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सामने आए पेपर लीक के मामले ने देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केवल नीट ही नहीं, बल्कि कई सरकारी भर्ती प्रक्रियाएं भी लंबे समय से अधर में लटकी हुई हैं। कहीं परीक्षाओं के परिणाम जारी नहीं हो रहे हैं तो कहीं भर्ती प्रक्रिया जानबूझकर विलंबित की जा रही है। इसका सीधा असर उन युवाओं पर पड़ रहा है जो रोजगार की उम्मीद में वर्षों से इंतजार कर रहे हैं।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समीर सिंह देव ने कहा कि देश के युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ कांग्रेस पार्टी राष्ट्रव्यापी अभियान चला रही है। पार्टी छात्रों और बेरोजगार युवाओं की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठाएगी। उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच हो तथा लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द पूरा किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने युवाओं का विश्वास कमजोर किया है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने सरकार से जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रिपुजित सिंह देव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समीर सिंह देव, प्रशांत विश्वास, संजीत राजा चौबे, सुनील गुप्ता, प्रेमसागर सिंह, नवीन गुप्ता, बुद्धदेव पोया, अरुण दास, रीना कुजूर, संतन भगत, कर्मदयाल सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Live Cricket Info





