गौरव पथ पर जलभराव से बढ़ी परेशानी, जिम्मेदारों की उदासीनता पर उठे सवाल..

बलरामपुर@ नगर पालिका क्षेत्र के चांदो चौक के पास स्थित अटल परिसर के सामने गौरव पथ पर बारिश की शुरुआत होते ही जलभराव की समस्या फिर सामने आने लगी है। सड़क पर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसाती पानी जमा हो रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि कई वर्षों से बनी हुई है। हर वर्ष बारिश के मौसम में इसी स्थान पर पानी भर जाता है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं या फिर इसे लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।गौरतलब है कि यह मार्ग शहर का प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों का प्रतिदिन आवागमन होता है। इसके बावजूद जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया जाना कई सवाल खड़े करता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नाली और जल निकासी की व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो लगातार जलभराव के कारण गौरव पथ की सड़क भी क्षतिग्रस्त हो सकती है। साथ ही लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों और अन्य हानिकारक कीटों का प्रकोप बढ़ने की आशंका है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
चूंकि चांदो चौक शहर का व्यस्त क्षेत्र है और यहां प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में जलभराव की समस्या नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य दोनों के लिए चिंता का विषय बन गई है।स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि बारिश के मौसम को देखते हुए तत्काल जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में सड़क को नुकसान होने से बचाया जा सके।
Live Cricket Info





