37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत बलरामपुर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन
साप्ताहिक बाजार में सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों को लेकर दी गई जागरूकता की मनमोहक प्रस्तुति

बलरामपुर-रामानुजगंज में 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज साप्ताहिक बाजार बलरामपुर में “सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता” विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर भापुसे के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन जिले में 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा मित्र छोटू छलिया एवं डी.एस. बाबू द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने, शराब सेवन कर वाहन चलाने के दुष्परिणाम, सीट बेल्ट का उपयोग, ओवरस्पीडिंग, गलत ओवरटेकिंग एवं अन्य यातायात नियमों पर प्रभावशाली और मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित नागरिकों ने सराहा।
कार्यक्रम में जिला परिवहन अधिकारी यशवंत कुमार यादव एवं यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन ने आमजनों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन में ट्रिपल सवारी न बैठाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने, गलत साइड ड्राइविंग एवं लेन जंपिंग न करने, क्षमता से अधिक सवारी या माल न ढोने, सभी आवश्यक वाहन दस्तावेज हमेशा साथ रखने तथा नाबालिगों को किसी भी स्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न देने की समझाइश दी।
इस जागरूकता कार्यक्रम से 500 से अधिक आम नागरिक लाभान्वित हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
Live Cricket Info





