
कुसमी,बलरामपुर, नगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 से 15 तक संचालित शासकीय उचित मूल्य (राशन) दुकान में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। इस संबंध में वार्ड पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी (SDM) को लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राशन दुकान संचालक द्वारा लंबे समय से पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन नहीं दिया जा रहा है। बीपीएल कार्डधारकों को बार-बार परेशान किया जा रहा है, कई लोगों को राशन से वंचित रखा जा रहा है और उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पार्षदों और नागरिकों का कहना है कि इस मामले में पूर्व में भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे संचालक की मनमानी और प्रशासनिक नियमों की अनदेखी साफ नजर आती है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पार्षदों ने मांग की है कि संबंधित राशन दुकान संचालक को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए और उसकी जगह किसी योग्य एवं ईमानदार व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि हितग्राहियों को उनका हक मिल सके। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग भी की गई है।पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Live Cricket Info





