
बलरामपुर जिले के चांदो क्षेत्र से सामने आए स्कूल ड्रेस मामले ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल परिसर के भीतर कूड़े जैसी हालत में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूलों की ड्रेस मिलने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, चांदो के एक शासकीय स्कूल परिसर में बड़ी मात्रा में स्कूली ड्रेस लावारिस हालत में पड़ी मिलीं। ड्रेस बिखरी हुई और कूड़े के ढेर जैसी स्थिति में थीं, जिससे प्रथम दृष्टया लापरवाही या अनियमितता की आशंका जताई जा रही है। यह मामला सामने आते ही स्थानीय स्तर पर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर बच्चों को बांटी जाने वाली सामग्री इस हाल में कैसे पहुंची।
मामले की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने संज्ञान लेते हुए जांच के लिए टीम गठित करने की बात कही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि स्कूल परिसर के एक भवन में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा घुसने की कोशिश की गई थी। कमरे के दरवाजे और ताले टूटे पाए गए हैं, जबकि अंदर ड्रेस और फर्नीचर अस्त-व्यस्त हालत में मिले।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस संबंध में किसी भी प्रकार की चोरी की आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। ऐसे में यह साफ नहीं हो पाया है कि ड्रेस वहां चोरी के प्रयास के दौरान फैलाई गईं या पहले से ही लापरवाही के कारण पड़ी थीं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि ड्रेस पुराना स्टॉक था, वितरण में देरी हुई या फिर आवश्यकता से अधिक खरीदी की गई। सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।
उन्होंने यह भी साफ किया कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Live Cricket Info





