
बलरामपुर। जिले के दूरस्थ एवं पहुंचविहीन पहाड़ी कोरवा बाहुल्य ग्राम भुताही (ग्राम पंचायत पुंदाग) में स्वास्थ्य विभाग ने विशेष पहल करते हुए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। दुर्गम क्षेत्र और बरसात के मौसम में सड़क मार्ग बाधित होने के बावजूद स्वास्थ्य अमला ग्रामीणों तक पहुंचा और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।
कलेक्टर के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष शिविर का नेतृत्व खंड चिकित्सा अधिकारी सतीश पैकरा एवं सेक्टर प्रभारी ने किया। शिविर में एएनएम सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाया।
मोटरसाइकिल से पहुंचाए गए टीके और दवाइयां
बरसात के कारण एम्बुलेंस के गांव तक नहीं पहुंच पाने की स्थिति में स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से मोटरसाइकिलों के माध्यम से दवाइयां और टीके कोरवा बस्ती तक पहुंचाए। वहीं भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दवाओं का स्टॉक मितानिन के पास सुरक्षित रखा गया, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
गर्भवती महिलाओं की जांच, बच्चों का टीकाकरण
विशेष शिविर के दौरान बच्चों का नियमित टीकाकरण किया गया तथा गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक टीके लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 3 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। इसके साथ ही 2 बच्चों को बीसीजी, 2 बच्चों को एमआर-1 तथा 3 बच्चों को डीपीटी बूस्टर टीके लगाए गए।
जल शुद्धिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर
स्वास्थ्य टीम ने कोरवा बस्ती के कुएं का जल शुद्धिकरण भी किया तथा ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के महत्व के बारे में जानकारी दी। शिविर में सर्पदंश से बचाव, बरसात के मौसम में फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम और साफ पानी के उपयोग को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
पीएम जनमन एम्बुलेंस का किया निरीक्षण
शिविर के दौरान ग्राम पुंदाग के पचपेड़ी में तैनात पीएम जनमन एम्बुलेंस का भी खंड चिकित्सा अधिकारी एवं सेक्टर प्रभारी द्वारा निरीक्षण किया गया और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया गया।
ग्रामीणों ने जताया आभार
स्वास्थ्य विभाग की इस संवेदनशील पहल से दूरस्थ पहाड़ी कोरवा क्षेत्र के ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकीं। जनजातीय समुदाय के बीच स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण साबित हुआ। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
Live Cricket Info





