
बलरामपुर@छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय निकाय के आह्वान पर सोमवार को बलरामपुर जिले में अभिभावकों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने निजी (अशासकीय) विद्यालयों द्वारा की जा रही मनमानी शुल्क वृद्धि, किताबों के चयन में पारदर्शिता की कमी, नियमित पालक बैठकों के अभाव सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान राजेन्द्र कटारा एवं एम. आर. यादव से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान जिले के विभिन्न निजी विद्यालयों से जुड़े अभिभावकों ने विद्यालयों में लागू की जा रही कई अनुचित नियमावलियों पर आपत्ति दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही एक विशेष टीम गठित कर जिले भर के विद्यालयों की जांच की जाएगी। यह जांच अभिभावकों की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से की जाएगी, ताकि समस्याओं का निष्पक्ष समाधान हो सके।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता व नियमों के पालन की मांग की।
Live Cricket Info





