बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित अत्याचार के विरोध में बलरामपुर में उग्र प्रदर्शन
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में बलरामपुर में पुतला दहन

बलरामपुर.बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रहे कथित अत्याचार और निर्मम हत्याओं के विरोध में आज छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर सैकड़ों की संख्या में सनातनी हिंदू सड़कों पर उतरे और बांग्लादेश सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
जिला मुख्यालय के शहीद पार्क स्थित अटल चौक में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं और युवा कार्यकर्ता भी शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों का विरोध किया।
प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल, हिंदू युवा मंच, दुर्गा वाहिनी सहित अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिसे लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर आवाज उठाए जाने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने भारत सरकार से इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाने की मांग भी की।
प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, हालांकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
Live Cricket Info




