बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई अवैध नशीले इंजेक्शन के नेटवर्क का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध नशीले इंजेक्शन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली बलरामपुर को 17 मई 2026 की रात करीब 1 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से गढ़वा की ओर से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर अंबिकापुर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर एमसीपी लगाकर जांच शुरू की।
इसी दौरान रामानुजगंज की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को बाइक और संदिग्ध सामग्री के साथ पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 481 नग Buprenorphine इंजेक्शन एवं 504 नग Pheniramine Maleate इंजेक्शन बरामद किए गए। पुलिस ने सभी इंजेक्शन जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत धारा 21(b) NDPS एक्ट में मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल गुप्ता (25 वर्ष), पिता अवध बिहारी गुप्ता, निवासी ग्राम नर्मदापुर थाना कमलेश्वरपुर जिला सरगुजा के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस फरार अन्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की विवेचना जारी है।
Live Cricket Info





