
कुसमी/बलरामपुर-रामानुजगंज।छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘सुशासन तिहार 2026’ का भव्य समापन बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी नगर पंचायत क्षेत्र में उत्साह और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। समापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने शासन के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज एवं सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया तथा आम नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं अन्य स्वीकृतियां भी वितरित की गईं।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का माध्यम है सुशासन तिहार चिंतामणि महाराज
मीडिया से चर्चा करते हुए सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि सुशासन तिहार सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी मंच है। इसके माध्यम से अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सांसद ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के सफल नेतृत्व और जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे श्रीरकोट मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री की दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी कोरवा जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया।
विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने किया वन-टू-वन संवाद
सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के तीनों विकासखंडों के सभी छह सेक्टरों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है।
विधायक ने जानकारी दी कि पिछले सुशासन तिहार के दौरान राजपुर क्षेत्र से सामुदायिक पट्टे से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी। इस शिकायत का निराकरण करते हुए कुसमी में आयोजित समापन कार्यक्रम के मंच से पात्र हितग्राहियों को सामुदायिक पट्टों का वितरण किया गया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में राशन कार्ड दुरुस्तीकरण, नए नाम जोड़ने, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और राजस्व संबंधी मामलों सहित अनेक समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में शासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और लोगों में उत्साह का माहौल है।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सुशासन तिहार के समापन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में कुसमी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संदेश दिया गया।
जनता को मिला समाधान, शासन के प्रति बढ़ा विश्वास
सुशासन तिहार के समापन कार्यक्रम ने एक बार फिर यह साबित किया कि शासन की योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने के लिए इस प्रकार के आयोजन प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। कुसमी में आयोजित यह कार्यक्रम जनसुनवाई, त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।
Live Cricket Info





