
बलरामपुर। जिले के कोटरहिटांड क्षेत्र में सिंदूर नदी तट पर संचालित नहर निर्माण कार्य के दौरान बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण कार्य में लगी अजाक्स मशीन दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे मशीन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए नहर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बुधवार शाम ग्राम सेंदुर के कोटरहिटांड में निर्माण कार्य के दौरान अजाक्स मशीन अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि मशीन चालक उसके नीचे दब गया। चालक की पहचान सनावल-पचावल निवासी रामदयाल के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद चालक को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव तत्काल घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा मशीन के नीचे फंसे शव को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
सूचना पर पुलिस बल, राजस्व विभाग और निर्माण एजेंसी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शव को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजने की तैयारी शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि यह निर्माण कार्य क्षेत्रीय विधायक एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से स्वीकृत सिंचाई परियोजना के अंतर्गत कराया जा रहा है। हादसे के बाद निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। पुलिस एवं प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मशीन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।ईस दुखद घटना से मृतक के परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है तथा लोगों ने दिवंगत चालक के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
Live Cricket Info





