शासकीय आईटीआई रामानुजगंज के प्रशिक्षण ट्रक से टायर और बैटरी चोरी, लाखों की क्षति..

बलरामपुर /रामानुजगंज..शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) में प्रशिक्षण कार्य हेतु उपयोग किए जा रहे टाटा सिग्ना ट्रक से अज्ञात चोरों द्वारा टायर और बैटरी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद संस्था प्रबंधन ने थाना रामानुजगंज में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार व्यवसाय मेकैनिक डीजल के विद्यार्थियों को प्रायोगिक प्रशिक्षण देने के लिए संचालनालय से हाल ही में टाटा सिग्ना ट्रक उपलब्ध कराया गया था। उक्त वाहन संस्थान परिसर में खड़ा था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने वाहन के पीछे लगे चारों चक्कों को रिंग सहित निकाल लिया। इसके अलावा वाहन की स्टेपनी तथा बैटरी भी चोरी कर ली गई।
संस्थान प्रशासन द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गए टायर, रिंग और बैटरी की कुल कीमत लगभग डेढ़ लाख से दो लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। हालांकि पुलिस जांच के बाद वास्तविक नुकसान का आंकलन स्पष्ट हो सकेगा।
घटना ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशिक्षण के लिए उपयोग किए जाने वाले सरकारी वाहन से इस प्रकार की चोरी होने के बाद संस्थान प्रबंधन और विद्यार्थियों में चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ के साथ-साथ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल प्रकरण की विवेचना जारी है।
Live Cricket Info





