नेशनल हाईवे से शासकीय स्टॉपर चोरी, ट्रेलर चालक गिरफ्तार
30 हजार रुपये के 2 स्टॉपर बरामद, वाहन भी जब्त..

बलरामपुर,थाना कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने नेशनल हाईवे से शासकीय स्टॉपर चोरी करने वाले एक ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो स्टॉपर और घटना में प्रयुक्त ट्रेलर वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को बड़कीमहरी तिराहा के पास एक ट्रेलर चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से उसके वाहन में मामूली नुकसान हो गया था। नुकसान की भरपाई करने के उद्देश्य से चालक ने हाईवे पर यातायात पुलिस द्वारा लगाए गए शासकीय स्टॉपर को चोरी कर अपने वाहन में लोड कर लिया।
इस दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर यातायात पुलिस ने डुमरखी ढाबा के पास घेराबंदी कर ट्रेलर को पकड़ा। जांच में वाहन से 2 नग शासकीय स्टॉपर बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
मामले में आरोपी गिरीश नारायण यादव (28 वर्ष), निवासी ग्राम जमुई, थाना सेलमपुर, जिला देवरिया (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 65/2026, धारा 305(e) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को 21 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेज दिया गया है।
Live Cricket Info





