नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में बलरामपुर में महिलाओं की पदयात्रा, 33% आरक्षण को बताया ऐतिहासिक कदम..

बलरामपुर@ जिले में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आज महिलाओं द्वारा भव्य पदयात्रा निकाली गई। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पदयात्रा का नेतृत्व प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने किया, जहां महिलाओं ने एकजुट होकर महिला आरक्षण विधेयक 2026 के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।
पदयात्रा के दौरान महिलाओं ने इस अधिनियम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी मजबूत होगी। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं का कहना था कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू होने के बाद महिलाओं को लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जिससे उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक अवसर प्राप्त होंगे।
विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने अपने संबोधन में कहा कि यह अधिनियम देश के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और वे सशक्त रूप से अपनी भूमिका निभा सकेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं में इस अधिनियम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
वहीं जनपद सदस्य अर्पणा दीक्षित ने इसे भारतीय लोकतंत्र में एक नए युग की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम देश की महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को मजबूत करने का कार्य करेगा।
कार्यक्रम स्थल पर नारी शक्ति वंदन के बैनर लगाए गए थे। मंच से जनप्रतिनिधियों ने संबोधन किया और अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
इस अवसर पर कार्यसमिति सदस्य गोपाल कृष्ण मिश्रा, जिला महामंत्री भानुप्रकाश दीक्षित, सुमित्रा चेरवा, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, वरिष्ठ भाजपा नेता जितेंद्र श्रीवास्तव, पार्षद गौतम सिंह, जिला मीडिया सह प्रभारी अजय यादव, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मंगलम पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और महिलाएं उपस्थित रहीं।
Live Cricket Info





