बलरामपुर में सीन ऑफ क्राइम फॉरेंसिक मोबाइल वाहन का शुभारंभ
घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संरक्षण और डिजिटल डेटा परीक्षण

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में अपराध जांच को आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में शुक्रवार को सीन ऑफ क्राइम फॉरेंसिक मोबाइल वाहन का शुभारंभ किया गया। पुलिस लाइन बलरामपुर के परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में इस विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। वहीं कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर तथा वन मंडल अधिकारी आलोक वाजपेयी की उपस्थिति में वाहन का शुभारंभ किया गया।
भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन गृह (पुलिस) विभाग की पहल पर उपलब्ध कराए गए इस फॉरेंसिक मोबाइल वाहन का उद्देश्य अपराध जांच को अधिक सटीक, त्वरित और वैज्ञानिक बनाना है।
पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने बताया कि इस वाहन के माध्यम से घटनास्थल पर ही प्राथमिक वैज्ञानिक परीक्षण, साक्ष्य संरक्षण, डिजिटल डेटा अधिग्रहण, फिंगरप्रिंट विकास, नारकोटिक्स परीक्षण तथा वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य पैकेजिंग जैसी महत्वपूर्ण कार्यवाही तत्काल की जा सकेगी। इससे जांच प्रक्रिया में तेजी आने के साथ अपराधों के खुलासे में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन, मुख्यालय के थाना-चौकी प्रभारी, विवेचक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Live Cricket Info





