
कुसमी, बलरामपुर, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, कुसमी में माय भारत (मेरे युवा भारत) के तत्वावधान में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अभय गुप्ता एवं नरेंद्र यादव के नेतृत्व में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगीत के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अशोक सोनी उपस्थित रहे। अतिथियों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्रसेवा, शिक्षा और अखंड भारत के प्रति योगदान को नमन किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती हीरामुनी निकुंज ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, एकात्मता और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
वहीं, विशिष्ट अतिथि अशोक सोनी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील करते हुए इसे ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
इस अवसर पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए सामाजिक सेवा, राष्ट्रहित और सकारात्मक नेतृत्व की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अभय गुप्ता एवं नरेंद्र यादव ने किया। अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रहित के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
Live Cricket Info





