खाद बीज की किलत को किसान संघ ने सोपा ज्ञापन
अन्नदाता की फरियाद किसान एकता जिंदावाद

बलरामपुर/शंकरढ़ 1जून 2026। खरीफ सीजन 2026 की तैयारी के बीच आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को खाद, बीज एवं किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की राशि समय पर उपलब्ध नहीं होने से किसानों में भारी नाराजगी व्याप्त है। इस संबंध में किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, शाखा शंकरगढ़ के शाखा प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि जमड़ी, डीपाडीहकला, कोदवा एवं जोकापाट की सहकारी समितियों द्वारा अब तक खाद-बीज एवं केसीसी राशि का वितरण नहीं किया गया है। खरीफ फसल की बुवाई का समय नजदीक होने के कारण किसान आवश्यक कृषि सामग्री एवं ऋण राशि के अभाव में परेशान हैं। समय पर खाद, बीज एवं केसीसी राशि उपलब्ध नहीं होने से किसानों के खेती-किसानी कार्य प्रभावित हो रहे हैं तथा किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
किसानों ने मांग की है कि आगामी दो दिनों के भीतर किसानों की आवश्यकता एवं स्वीकृत राशि के अनुसार खाद-बीज तथा केसीसी ऋण राशि का वितरण सुनिश्चित किया जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर वितरण कार्य प्रारंभ नहीं होने की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं बैंक प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक महेश्वर पैकरा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, हीरालाल यादव, उम्मत रसूल, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव शमीम अंसारी, खालिद अहमद, धरम साय, श्रीराम यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सभी ने किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर खाद-बीज एवं केसीसी राशि वितरण शुरू करने की मांग की।
Live Cricket Info





