
बलरामपुर। जिले की ग्राम पंचायत बासेन क्षेत्र में वन भूमि पर कथित अवैध कब्जा कर मकान और दुकान निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष ने प्रशासन को शिकायत सौंपकर तत्काल जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले से गुजरने वाले एनएच-343 से लगे सरईसिंया क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा वन भूमि पर कब्जा कर निर्माण कार्य किए जाने का आरोप लगाया गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क से लगी भूमि पर कब्जे की नीयत से मकान एवं दुकानों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में असंतोष का माहौल है।
सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष बसंत कुजूर ने आरोप लगाया कि वन विभाग के कुछ स्थानीय कर्मचारियों की मिलीभगत से बाहरी लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि वन भूमि पर अवैध कब्जा जारी रहा तो इससे आदिवासी समुदाय के अधिकारों और हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर कब्जे हटाने की मांग की है।
इस मुद्दे को लेकर समाज के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए प्रशासन के समक्ष अपनी नाराजगी व्यक्त की। वहीं, मामले में अपर कलेक्टर रमशीला लाल साहू ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वन भूमि पर अतिक्रमण की समस्या और बढ़ सकती है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Live Cricket Info





